पटना - शनिवार की सुबह पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बताया गया कि यात्री दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचा था।
दरअसल, एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1892 से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की रुटीन स्क्रीनिंग चल रही थी। इसी दौरान एक यात्री का बैग एक्स-रे मशीन से गुजरते वक्त संदिग्ध दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने तुरंत अलर्ट होते हुए बैग को अलग किया और उसकी तलाशी ली। उक्त बैग से .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद हुई। तुरंत एक्शन लेते हुए यात्री को हिरासत में ले लिया गया और उसे एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक की पहचान मोहसिन अली मासूमी के रूप में हुई है, जो पटना के फुलवारी शरीफ इलाके के पूर्णेन्दु नगर स्थित जय रघुराज टावर का रहने वाला है।
वहीं पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि इस बात की उसे कोई जानकारी नहीं है कि उसके बैग में कारतूस कैसे आए। हालांकि पुलिस इस दावे को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगालने में जुटी है।










