(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग जिले में संगठित अपराध के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, बम, जिंदा गोली, खोखा, मिसफायर गोली, मोबाइल और धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं।
बताया गया कि बड़कागांव में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय, ग्राम पिपराडीह, थाना बड़कागांव, गिरोह के संपर्क में है। पूछताछ और मोबाइल की जांच में टेलीग्राम के माध्यम से प्रिंस खान एवं उसके गिरोह के सदस्यों से संपर्क की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर गोलीबारी और प्रिंस खान गिरोह के नाम से पर्चा छोड़ने की बात स्वीकार की। अंकित की निशानदेही पर ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया। हथियार और बम की बरामदगी के दौरान पुलिस के अनुसार अंकित ने बरामद देसी पिस्तौल से पुलिस बल की ओर फायर कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।








