रांची: कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने जिला बल के आरक्षी प्रवीण तिवारी (3550) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक गंभीर शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें एक व्यक्ति को वीडियो कॉल के माध्यम से हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया गया है।
एसएसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विशाल सिंह नामक व्यक्ति ने 24 मार्च को सूचना दी कि प्रवीण तिवारी ने उन्हें मोबाइल नंबर 8882221616 से वीडियो कॉल किया था। आरोप है कि इस कॉल के दौरान आरक्षी ने हथियार दिखाते हुए उन्हें धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्डिंग भी किया गया है, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रवीण तिवारी के खिलाफ पूर्व में भी इस तरह के आचरण की शिकायतें मिलती रही हैं, जो उनके आदतन व्यवहार को दर्शाता है। एसएसपी ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल निलंबन का आदेश दिया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान प्रवीण तिवारी को नियमानुसार जीवन यापन भत्ता दिया जाएगा। पुलिस विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच प्रक्रिया भी जारी रखे हुए है।











