(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो से रिश्ते को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान करीब 60 से 65 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात घर में किसी बात को लेकर प्रमिला देवी और उनके 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि राजू कुमार ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से अपनी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा। लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।








