झारखंड सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी संजीव कुमार को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (PCCF-HoFF) नियुक्त किया है। वे 1992 बैच के IFS अधिकारी हैं और अब झारखंड के वन विभाग की सर्वोच्च प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौरतलब है कि 30 नवंबर को तत्कालीन PCCF-HoFF अशोक कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह अहम पद रिक्त चल रहा था। इस पद के लिए विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा था, जिनमें संजीव कुमार, परितोष उपाध्याय और विश्वनाथ शाह शामिल थे। लंबी चर्चा और मूल्यांकन के बाद सरकार ने संजीव कुमार के अनुभव, वरिष्ठता और प्रशासनिक क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
वर्तमान में संजीव कुमार PCCF बंजर भूमि विकास प्राधिकार के पद पर कार्यरत थे। उन्हें वन संरक्षण, वन प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने सेवाकाल की शुरुआत उन्होंने अविभाजित बिहार के पश्चिम चंपारण से की थी। इसके बाद उन्होंने वन विभाग में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
उनकी नियुक्ति से राज्य में वन संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण और सतत वन प्रबंधन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









