(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर हजारीबाग में आयोजित कर्ज़न ग्राउंड में मुख्य समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। झंडोतोलन के साथ ही पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने जिलेवासियों एवं प्रमंडलवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाता है। आगे उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसके साथ हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। सभी नागरिकों को संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।








