हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अपनी सक्रियता दिखायी है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मामले पर गहरी चिंता जताते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया और उसे हजारीबाग भेजा।
गठित जांच समिति में ममता कुमारी, मनमोहन वर्मा और कंचन खट्टर शामिल हैं। समिति के तीनों सदस्य हजारीबाग पहुंचकर विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंभा गांव में घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र की। इसके बाद उन्होंने हजारीबाग स्थित सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन तथा संबंधित एसडीपीओ से पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत करते हुए जांच समिति के सदस्यों ने कहा कि इस मामले में प्रशासन की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला है, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई है। समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि वे जल्द ही दोबारा हजारीबाग आएंगे और इस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच करेंगे। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विश्लेषण, पीड़ित परिवार से मुलाकात और घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा शामिल होगी।
समिति के सदस्यों ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को इस मामले में फंसाया न जाए। जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय महिला आयोग को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।











