(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां स्कूल शिफ्टिंग के फैसले को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
दरअसल मधेपुरा के घैलाढ़ प्रखंड में उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब उत्क्रमित मध्य विद्यालय ईनरवा की कुछ कक्षाओं को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने के फैसले का ग्रामीणों ने विरोध किया। गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल की कक्षाएं शिफ्ट होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ेगा। वहीं घैलाढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार ने लोगों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उचित समाधान निकाला जाएगा।










