(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो जिले के नवाडीह थाना क्षेत्र के वास्तेजिया गांव में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी राजू सिंह ने कथित तौर पर खेत जा रहे अपने पड़ोसी परिवार के तीन सदस्यों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में जानकी महतो और उनकी पत्नी सुगिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बहू गौरी देवी को ग्रामीणों ने तत्काल बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच तीनों धान रोपने के लिए खेत जा रहे थे, तभी आरोपी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राजू सिंह अक्सर शराब के नशे में रहता था और उसका व्यवहार मानसिक रूप से असामान्य बताया जाता है।
घटना के संबंध में बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने कहा कि आरोपी राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी शराब के नशे में था।








