(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 31 जुलाई को जामताड़ा समाहरणालय घेराव करने की घोषणा की है। इसको लेकर भाजपा नेताओं द्वारा जिले के विभिन्न मंडलों में बैठक कर कार्यकर्ताओं को आंदोलन की तैयारी में जुटने का आह्वान किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह, भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा सहित कई नेता उपस्थित रहे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने कहा कि दस दिन पूर्व जामताड़ा सदर अस्पताल में इलाज के अभाव में एक गर्भवती महिला की मौत हुई थी। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर अस्पताल प्रबंधन के दबाव में झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की थी। इसी के विरोध में 31 जुलाई को भाजपा कार्यकर्ता समाहरणालय का घेराव करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी इस्तीफा नहीं देते, तब तक राज्य के विभिन्न जिलों में भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के दबाव में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।








