साहिबगंज - साहिबगंज महाविद्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब आदिवासी कल्याण छात्रावास के छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्राचार्य का घेराव कर दिया। स्नातक सीटों में भारी कटौती के विरोध में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और परिसर में जोरदार नारेबाजी हुई।
आदिवासी कल्याण छात्रावास के सैकड़ों छात्र एकजुट होकर महाविद्यालय परिसर पहुंचे और सीधे प्राचार्य कक्ष के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों के हाथों में तख्तियां थीं और वे “सीट कटौती वापस लो” जैसे नारे लगा रहे थे। पूरे परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि स्नातक में नामांकन के लिए सीटों की संख्या पहले 5570 थी, जिसे घटाकर 2820 कर दिया गया है। इस फैसले से हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगे वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने की कोशिश की गई और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया।








