(मुकेश कुमार, संवाददाता, सिमडेगा)
सिमडेगा - सिमडेगा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना कांड संख्या 92/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।
इस संबंध में एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि विशेष टीम ने छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में छापेमारी कर तपकरा निवासी 19 वर्षीय अनिकेत टोप्पो और 22 वर्षीय सैफ अली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने सिमडेगा, गुमला और जशपुर में हुई कई चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोटरसाइकिल, राशन और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। एसपी ने आगे बताया कि जिले में करीब 30 लाख रुपये मूल्य की चोरी हुई थी, जिसमें बड़ी मात्रा में सामान बरामद कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।








