(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - सावन के पवित्र महीने में शिवभक्तों और कांवरियों की सुविधा के लिए डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। चास स्थित गरगा नदी तट और तेलमोच्चो पुल के पास प्रत्येक रविवार को विशेष शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। डाक विभाग द्वारा गंगाजल की कीमत ₹30 प्रति बोतल निर्धारित की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु आसानी से शुद्ध गंगाजल प्राप्त कर सकें। इसके अलावा जो लोग शिविर तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे मुख्य डाकघर से भी गंगाजल खरीद सकेंगे। मुख्य डाकघर के मार्केटिंग मैनेजर रामदास कपूर ने बताया कि सावन में बढ़ती मांग को देखते हुए इस बार बड़ी मात्रा में गंगाजल मंगवाया गया है। डाक विभाग की इस पहल से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और उन्हें गंगाजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।








