सरायकेला - आदित्यपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस की संयुक्त टीमों ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती और इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ सघन छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से ड्रग्स माफियाओं और तस्करों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों की तलाशी लेकर भारी मात्रा में नकदी बरामद की। बरामद रकम की आधिकारिक गिनती समाचार लिखे जाने तक जारी थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह राशि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य लक्ष्य आदित्यपुर के ड्रग्स नेटवर्क का कथित सरगना 'लालटू' है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से पूरे ड्रग्स सिंडिकेट और उससे जुड़े फाइनेंसरों का खुलासा हो सकता है। वहीं कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।








