(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - रफीगंज शहर के वार्ड नंबर 14 स्थित ब्लॉक रोड के पास आज एक आरा मशीन में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
आरा मशीन संचालक आर्यन कुमार ने बताया कि उनके कारखाने में रखे फर्नीचर, बेड, सोफा, पलंग, कुर्सियां समेत बड़ी मात्रा में लकड़ी और मशीनरी जलकर राख हो गई। इस हादसे में गाय का एक बछड़ा भी चपेट में आ गया जिसकी मौके पर ही झुलस कर मौत हो गई। पीड़ित के अनुसार आगलगी से लगभग 4 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।











