(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो स्टील सिटी का सेक्टर-4 पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया। जब भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकली। मंदिर परिसर से जैसे ही रथ आगे बढ़ा, "जय जगन्नाथ" के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु रथ की एक झलक पाने और उसे खींचने के लिए उमड़ पड़े।
रथ यात्रा शुरू होने से पहले बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज ने पारंपरिक छेरा पहरा की रस्म निभाई और भगवान जगन्नाथ से बोकारोवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से सेल की सभी इकाइयां निरंतर प्रगति करें और बोकारो देश की अग्रणी इकाई बनकर उभरे। वहीं डायरेक्टर इंचार्ज की पत्नी ने भगवान के निकट दर्शन को अपने जीवन का सौभाग्य बताया।
गौरतलब हो कि रथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी और सामाजिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत व प्रसाद के स्टॉल लगाकर सेवा की। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने पूरे बोकारो को जगन्नाथमय बना दिया।








