रांची - रांची पुलिस ने पशुओं की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चोरी किए गए पांच गोवंशीय पशु, एक स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 और 26 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नामकुम थाना क्षेत्र के राजा उलातु स्थित परताडीह टोला के पास गोवंशीय पशुओं की चोरी कर उन्हें एक वाहन में लोड कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पांच गोवंशीय पशु, एक स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।








