रांची - झारखंड में नगर निकाय चुनाव के परिणाम आ गए हैं। रांची से बीजेपी समर्थित रोशनी खलको ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलको को 14,363 वोट से हरा दिया। दिलचस्प बात ये रही कि इस जीत के अंतर से ज्यादा वोट जेएमएम समर्थक सुजित विजय आपंन कुजूर को 19,305 वोट मिले।
आदित्यपुर से संजय सरदार और मेदिनीनगर से अरुणा शंकर ने चुनाव जीत गए। दोनों बीजेपी समर्थित उम्मीदवार हैं। रांची शहर में सबसे चौंकाने वाले नतीजे वार्ड 18 से आई, जहां जेएमएम के राज्यसभा सांसद महुआ माजी के बेटे सोमवित माजी चुनाव हार गये, इस वार्ड में आशा देवी लगातार तीसरी बार विजय घोषित हुई।
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में पहली बार हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता (पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी) ने इतिहास रचा। उन्होंने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को 18,601 वोटों से हराया।
चक्रधरपुर नगर परिषद को अध्यक्ष के रूप में एक युवा और सुलझा हुआ नेतृत्व मिल गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित उम्मीदवार सन्नी उरांव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विजय सिंह गागराई को 1061 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की। सन्नी उरांव, चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के सुपुत्र हैं। वहीं उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी विजय सिंह गागराई, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई के छोटे भाई हैं। ऐसे में यह चुनाव दो राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा था।
झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रमिला मेहरा ने गिरिडीह नगर निगम में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा समर्थित डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी को 14,599 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी संजय सरदार ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी भुगलू सोरेन को 7,795 मतों के अंतर से पराजित किया है।
हजारीबाग नगर निगम में भाजपा बागी अरविंद राणा (पत्रकार) ने कांग्रेस समर्थित सरफराज अहमद को 4,657 वोटों से हराकर मेयर का ताज हासिल किया। राणा की जीत से भाजपा खेमे में जश्न है, हालांकि वे आधिकारिक रूप से बागी थे।
मेदिनीनगर में बीजेपी समर्थित अरुणा शंकर ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार नम्रता त्रिपाठी को शिकस्त दी। इस सीट पर गठबंधन दलों के वोटों के बिखराव का फायदा बीजेपी को हुआ। नम्रता त्रिपाठी पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी की बेटी हैं। धनबाद की सीट पर बीजेपी पिछड़ गई। देवघर सीट पर जेएमएम समर्थित उम्मीदवार रवि राउत को बीजेपी के वोट बिखराव का फायदा हुआ और उन्होंने बीजेपी समर्थित रीता चौरसिया को चुनाव में हराया।
चतरा नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव में अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमन यादव को 1492 वोटों से पराजित कर जीत दर्ज की।
चास नगर निगम में मेयर के पद पर भोलू पासवान ने जीत दर्ज की है। रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुसुमलता कुमारी (पति हितलाल मुंडा) ने 6492 मतों से जीता।











