(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो – बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के खूंटाडीह गांव से गायब 18 वर्षीय युवती के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। गुमशुदगी से जुड़े इस मामले में याचिकाकर्ता के रिश्तेदार के साथ कथित मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मंगलवार को वर्चुअल रूप से तलब किया और पूरे मामले पर जवाब मांगा। सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि याचिकाकर्ता के चाचा ससुर को पिंडराजोरा थाना बुलाकर बेरहमी से पीटा गया। जिससे उनके माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वे फिलहाल रांची के एक निजी क्लीनिक में इलाजरत हैं। इस पर अदालत ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के सदस्य के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद चिंताजनक है। अदालत ने डीजीपी को निर्देश दिया है कि वे इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए डीजीपी से पूछा कि बोकारो के एसपी के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। वहीं बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने कि मारपीट की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि ऐसी घटना हुई है तो कार्रवाई की जाएगी।











