(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से बड़ी खबर है। जहां पंचायत सचिवों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने ग्रामीण व्यवस्था की रफ्तार थाम दी है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर पेंशन और राशन कार्ड सहित कई जरूरी सेवा प्रभावित हो रही है। जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
दरअसल मधेपुरा में पंचायत सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। बिहार राज्य पंचायत सचिव संघ, पटना के आह्वान पर जिले के सभी पंचायत सचिव अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सचिवों का आरोप है कि पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार उनकी मांगों को लेकर लगातार वादा खिलाफी कर रहा है और लंबे समय से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रदर्शन कर रहे सचिवों ने कहा कि हम लोगों की प्रमुख मांगों में अंतर-जिला स्थानांतरण की व्यवस्था, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक करना, छठे वेतन आयोग की सिफारिश लागू करना और 4200 ग्रेड पे शामिल है। इसके साथ ही ठेकेदारी और अभिकर्ता व्यवस्था खत्म करने की भी मांग की जा रही है। वहीं इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रहा है।










