(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आज जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। वहीं, उपायुक्त ने ध्वजारोहण कर समारोह की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया।
इस दौरान बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे जिले के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि परेड की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले के लॉज, होटल और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।








