रांची - रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुतियातु चौक स्थित होटल टीटॉस में शनिवार रात हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। अपराधियों ने होटल परिसर में घुसकर करीब तीन से चार राउंड फायर किए। इस घटना में होटल का वेटर मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मनीष को तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर बाइक पर सवार थे और उन्होंने अचानक होटल पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान होटल में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। शुरुआती जांच में पुलिस ने एक मुख्य संदिग्ध की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।











