(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग के बड़कागांव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी को गोली लगी, जबकि 2 अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना आज तड़के 3 से 4 बजे के बीच बड़कागांव-हजारीबाग पथ पर स्थित 13 माइल के पास चक्रवार जंगल में हुई। सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह दल-बल के साथ चक्रवार घाटी पहुंचे। पुलिस को देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसमें सैयद मोहम्मद निशान नामक अपराधी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 2 अन्य अपराधी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। घटनास्थल से पुलिस ने 1 पिस्टल और 1 खोखा बरामद किया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग एसपी अमन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। फरार अपराधियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।








