डाल्टनगंज - पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) में बुधवार रात हुई डबल शूटिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शहर के अग्रेशन भवन के सामने कोयल नदी किनारे लगभग रात 8:45 बजे अज्ञात अपराधियों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान निखिल कुमार और दिनेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों अन्य लोगों के साथ कोयल नदी किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान करीब पांच अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और दोनों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों को दो-दो गोलियां लगी हैं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में अपराधियों की तलाश में सघन अभियान चला रही है। घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि दोनों का उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।








