(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के बाद हजारीबाग में ट्रेजरी से हुए करोड़ों रुपये की अवैध निकासी के मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने इस पूरे मामले को चारा घोटाले से भी बड़ा बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
बोकारो पहुंचे भानु प्रताप शाही ने कहा कि एजी की रिपोर्ट में करीब 11 हजार करोड़ रुपये की गड़बड़ी की आशंका जताई गई है और अब इस मामले की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के संरक्षण में इस तरह के घोटाले को अंजाम दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाएगी।
वहीं धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बोकारो जिले में इससे भी बड़ा घोटाला चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी हो रही है, जिससे कोलियरियों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है और सरकार को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी केंद्र सरकार को दे दी गई है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।











