RANCHI: केंद्रीय युवा महावीर मंडल की ओर से रविवार को चैती दुर्गा पूजा मंदिर भुतहा तालाब में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक महासमिति के अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई, जिसमें सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी रामनवमी महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान 24 मार्च को आयोजित होने वाले मंगला जुलूस शोभायात्रा की तैयारियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष रामनवमी महोत्सव को पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित रूप में मनाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके लिए शहर की विभिन्न अखाड़ा समितियों, युवाओं और सोशल मीडिया टीम की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। इसके अलावा 25 मार्च को फुटबॉल मैदान में आयोजित होने वाली अस्त्र-शस्त्र अखाड़ा प्रतियोगिता को लेकर भी चर्चा की गई ।इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्य अपने पारंपरिक कौशल और प्रदर्शन का परिचय देंगे।आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में परंपरा, अनुशासन और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।











