नालंदा - नालंदा जिले के बिहारशरीफ में शीतला माता मंदिर (मघड़ा) में पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई और पूरा माहौल मातम में बदल गया। बताया गया कि मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी, तभी अचानक भगदड़ मच गई और लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए भागने लगे। इस भगदड़ में खबर लिखे जाने तक 9 महिलाओं की मौत हो गई, वहीं कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। घायलों को आनन फानन में इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है।
इस दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि वे इस घटना से अत्यंत मर्माहत हैं और उन्होंने राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए कुल 6 लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना की जानकारी मिलने के बाद गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और इस घटना में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।










