पाकुड़ - कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के निर्धारित मानकों एवं सही लोकेशन पर संचालन नहीं करने वाले प्रज्ञा केंद्रों के विरुद्ध सीएससी मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। इसके तहत पाकुड़ जिले के कुल 329 सीएससी आईडी को निरस्त (बंद) कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रबंधक, सीएससी पाकुड़ संतोष शीला हेंब्रम ने बताया कि जिले में संचालित कई प्रज्ञा केंद्र सीएससी द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का अनुपालन नहीं कर रहे थे। जांच के दौरान यह पाया गया कि अनेक सीएससी आईडी बिना स्थायी केंद्र, उचित कॉमन ब्रांडिंग, रेट चार्ट एवं अन्य आवश्यक नियमों के पालन के संचालित की जा रही थीं।
साथ ही कहा कि सभी मानकों का शत- प्रतिशत पालन सुनिश्चित होने के पश्चात ही सीएससी आईडी को पुनः चालू करने पर विचार किया जाएगा। वर्तमान में राज्य भर में सभी सीएससी प्रज्ञा केंद्रों की गहन जांच एवं भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया निरंतर जारी है।









