मांडर : संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज, मांडर में शनिवार को क्रिसमस गैदरिंग बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं द्वारा क्रिसमस आधारित कई मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्राचार्या सिस्टर मेरी मगदली बागे ने सभी छात्र-छात्राओं को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे विश्व में शांति, प्रेम और सौहार्द का संदेश ही यीशु मसीह का संदेश है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस हमें शांति से साथ रहने, आपसी भाईचारे को बढ़ाने और एक-दूसरे के प्रति प्रेम भाव रखने की सीख देता है।
उन्होंने आगे कहा कि क्रिसमस उम्मीद और आनंद का पर्व है, जो जीवन में आशा बनाए रखने और खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है। साथ ही दया और सेवा का भाव अपनाकर जरूरतमंदों की मदद करना क्रिसमस का महत्वपूर्ण संदेश है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सह-प्रधानाचार्य सिस्टर शिवानी, शिक्षक प्रतिनिधि अनिल खलखो, वरिष्ठ शिक्षक सईद अख्तर, विजय किसप्पोटा, उमेश प्रसाद, सुमन कुजूर, रश्मि तिर्की सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों में उत्साह और उल्लास देखने को मिला।









