रांची में आदिवासी समाज का प्रमुख लोक पर्व सरहुल बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और अपने दोनों बेटों के साथ सिरमटोली स्थित सरना स्थल पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब उन्होंने प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए खुद कार ड्राइव कर पूजा स्थल तक पहुंचना पसंद किया। आमतौर पर वीआईपी मूवमेंट में अधिकारी वाहन चलाते हैं, लेकिन उनका यह सादगी भरा अंदाज लोगों को खासा पसंद आया।
इस पूरे पल का वीडियो कल्पना सोरेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में परिवार के साथ उनकी सादगी और परंपरा के प्रति आस्था साफ झलक रही है।
सरहुल पर्व प्रकृति पूजा और नए साल के स्वागत का प्रतीक माना जाता है, जिसे झारखंड में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। मुख्यमंत्री की इस उपस्थिति ने पर्व की गरिमा को और बढ़ा दिया है।










