रिपोर्ट - संजीव सागर
साहेबगंज: शहरवासियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। पूर्वी और पश्चिमी रेलवे फाटक पर लगने वाले भीषण जाम से जल्द ही निजात मिलने वाली है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन के सहयोग से रेलवे विभाग ने दोनों रेल फाटकों के समीप रेल ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में रेलवे अधिकारियों द्वारा एलायमेंट को लेकर सर्वे और मापी का कार्य शुरू कर दिया गया है । रेलवे डिविजन की टीम ने पश्चिमी रेल फाटक के पास पोल संख्या 82 और पूर्वी रेल फाटक के पास पोल संख्या 56 के अंतर्गत प्रस्तावित ओवरब्रिज के नक्शे के अनुसार स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान साहेबगंज स्टेशन मास्टर, टेलीकॉम, इलेक्ट्रिक, टीआरडी, आइडब्ल्यू विभाग के अधिकारी, रेलवे इंजीनियर और पथ निर्माण विभाग के जेई की संयुक्त टीम मौजूद रही।
तकनीकी बिंदुओं पर किया गया गहन अध्ययन
सर्वे के दौरान रेलवे विद्युतीकरण तारों की ऊंचाई, पटरी की लंबाई-चौड़ाई, प्रस्तावित फोर लाइन रेलवे ट्रैक, नई लाइन बिछाने का स्थल, विद्युतीकरण पोल सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया गया। अधिकारियों ने मापी कर रिपोर्ट भी तैयार की।
ओवरब्रिज का प्रस्तावित मार्ग
पूर्वी रेल फाटक के समीप बनने वाला ओवरब्रिज सुभाष चौक होते हुए जिरवाबाड़ी की ओर मुख्य सड़क से जुड़ेगा। वहीं पश्चिमी रेल फाटक के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज पटेल चौक से बादशाह चौक होते हुए गोराबाड़ी हटिया तक जाएगा और सदर प्रखंड कार्यालय स्थित मुख्य सड़क से जुड़ेगा।पूर्वी रेल फाटक पर 29 पिलरों पर ओवरब्रिज का एलायमेंट तैयार किया जा रहा है, जबकि पश्चिमी रेल फाटक पर 17 पिलरों पर ओवरब्रिज निर्माण का एलायमेंट लगभग तैयार हो चुका है।
प्रशासनिक स्वीकृति और आगे की प्रक्रिया
पथ निर्माण विभाग के तकनीकी पदाधिकारी ने बताया कि पश्चिमी रेल फाटक के समीप ओवरब्रिज निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं पूर्वी रेल फाटक के लिए प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्य टेंडर प्रक्रिया में जाएगा।
जाम में फंसे लोगों में दिखी खुशी
सर्वे और मापी कार्य के दौरान रेल फाटक पर जाम में फंसे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अधिकारियों से जल्द से जल्द ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। उनका कहना था कि फाटक बंद रहने से घंटों जाम लगता है, जिससे समय और कार्य दोनों प्रभावित होते हैं।
साहेबगंज–बरहरवा रेलखंड पर 24 ओवरब्रिज प्रस्तावित
जानकारी के अनुसार साहेबगंज-बरहरवा रेलखंड पर कुल 24 स्थानों पर ओवरब्रिज प्रस्तावित हैं। इसके लिए रेलवे अधिकारियों ने अपर समाहर्ता से मुलाकात कर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। अपर समाहर्ता गौतम भगत ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी रेल फाटक के समीप ओवरब्रिज निर्माण के लिए साहेबगंज अंचलाधिकारी को भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही रेलवे को जमीन सौंप दी जाएगी ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।
मौके पर मौजूद अधिकारी
इस अवसर पर साहेबगंज स्टेशन अधीक्षक गुड्डू कुमार, पथ निर्माण विभाग के जेई रामेश्वर मुर्मू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।









