रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। यह वारदात OTC मैदान के बाहर सड़क किनारे स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई, जहां अज्ञात अपराधियों ने भार्गव सिंह को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगने से भार्गव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए सिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, जिससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल भार्गव सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हमलावर पैदल आया था और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी घायल युवक को देखने पारस हॉस्पिटल पहुंचे। घायल भार्गव सिंह ने हमलावर के रूप में कांके के गांधीनगर निवासी विजय टेटे का नाम बताया है। बताया जा रहा है कि विजय टेटे और भार्गव सिंह के बीच पहले से विवाद चल रहा था और कुछ दिन पहले दोनों के बीच मारपीट की घटना भी हुई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।









