देवघर: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर विभागीय तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जाने वाले कार्यों पर विभागवार चर्चा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य योजना तैयार कर शीघ्र उपायुक्त कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए छोटी से छोटी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाने, विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, आवासन, रूट लाइन में पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय और स्नानगृह जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि अभी से ही मेला की तैयारियों में पूरी गंभीरता के साथ जुट जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे और श्रद्धालु बाबा नगरी से अच्छी अनुभूति लेकर लौटें।
उपायुक्त ने कहा कि मेला के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रबंधन जरूरी है। सुरक्षा, स्वच्छता, विश्राम, पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानागार, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऊर्जा विभाग को विशेष रूप से विद्युत आपूर्ति की नियमित निगरानी और ऑडिट करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा शिवगंगा सरोवर की सफाई और जल की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति एवं संचरण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।









