रांची : पेसा नियमावली से जुड़े मामले में आज झारखंड उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त समय की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
राज्य सरकार ने न्यायालय को अवगत कराया कि संबंधित विभाग द्वारा पेसा नियमावली से जुड़ा प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट को भेज दिया गया है। इसी आधार पर सरकार ने मामले में कुछ और समय देने का अनुरोध किया। अदालत ने सरकार की दलीलों को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई की तिथि 13 जनवरी 2026 निर्धारित की।
सुनवाई के दौरान संबंधित विभाग के सचिव मनोज कुमार स्वयं (सशरीर) न्यायालय में उपस्थित रहे। समय की मांग के कारण आज मामले में कोई अंतिम आदेश पारित नहीं किया जा सका।
उल्लेखनीय है कि आज ही राज्य कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पेसा नियमावली से जुड़े इस प्रस्ताव पर आज कैबिनेट की मुहर लग सकती है। अब अगली सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में अद्यतन स्थिति से अदालत को अवगत कराए जाने की उम्मीद है।









