रांची : झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन, राँची में भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पी, महान समाज सुधारक और 'भारत रत्न' बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के पावन अवसर पर उन्हें सादर नमन किया। इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बाबासाहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
राज्यपाल ने बाबासाहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने न केवल आधुनिक भारत की संवैधानिक नींव रखी, बल्कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान और समावेशी समाज के निर्माण के उनके विजन को प्रेरणादायी बताया। लोक भवन में आयोजित इस श्रद्धा सुमन कार्यक्रम में राज्यपाल के साथ राजभवन के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने महान विभूति को सम्मानपूर्वक याद किया।












