बोकारो – बोकारो समाहरणालय में ड्यूटी के दौरान राजस्व शाखा में पदस्थापित कार्यालय अधीक्षक दिग्विजय नारायण के आकस्मिक निधन से पूरे जिला प्रशासन में शोक की लहर व्याप्त है। इस दुःखद घटना से मर्माहत प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मियों ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत कर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया।
वहीं उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास के शिवपुर कॉलोनी स्थित दिवंगत कर्मी के आवास पर पहुंचकर उनकी पत्नी मृणाल सोनी एवं पुत्र ऋषभ राज से भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है। उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, डीसीएलआर प्रभाष दत्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब हो कि दिग्विजय नारायण का निधन ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से हुआ था।









