मतदाता सूची में फोटो की गुणवत्ता सुधारने के लिए बीएलओ ऐप के उपयोग के निर्देश
रांची।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की फोटो की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ज़ोर देते हुए सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की फोटो धुंधली (ब्लर) है, उन सभी मामलों का 4 फरवरी तक अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को निर्वाचन सदन, रांची से आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में रवि कुमार ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) अपने बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाताओं की नई एवं स्पष्ट फोटो खींचकर ऐप में अपलोड करें, ताकि मतदाता सूची की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र के सभी मतदाताओं को अपने संबंधित बीएलओ की जानकारी होनी चाहिए और उसी तरह प्रत्येक बीएलओ को अपने मतदान केंद्र के सभी मतदाताओं की पूरी जानकारी रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ECINET प्लेटफॉर्म के माध्यम से “बुक ए कॉल विद योर बीएलओ” की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने निर्देश दिया कि इस सुविधा के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन किया जाए। साथ ही बीएलओ को कॉल-बैक फीचर का उपयोग करते हुए मतदाताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण) देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित राज्य के सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।









