(मो० काजीरुल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - रामपुरहाट रेल खंड स्थित नगरनवी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम एक हृदयविदारक रेल हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्ची शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों नगरनवी के पास किसी रिश्तेदार के घर गए थे। लौटने के दौरान वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी डाउन लाइन से तेज रफ्तार में आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण उन्हें संभलने या हटने का मौका नहीं मिल सका और घटनास्थल पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आसपास के गांवों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क करने के बाद तीनों की पहचान राजा पाड़ा के चंदन सरदार, उनकी पत्नी रिम्पा और बेटी अर्पिता के रूप में हुई है।











