(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - राज्य में पुराने मतदाता सूची से होने वाले निकाय चुनाव पर भाजपा ने सवाल खड़ा किया है। इस संबंध में भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव अक्टूबर 2024 की मतदाता सूची के आधार पर कराए जाने की तैयारी है। इसका मतलब यह हुआ कि 1 अक्टूबर 2024 के पहले से जुड़े वोटर ही वोट कर सकेंगे। इस स्थिति में, पिछले 15 महीनों में मतदाता सूची में शामिल हुए नए मतदाता तथा वे मतदाता जिन्होंने अपना नाम एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराया है। वे नगर निकाय चुनाव में अपने मताधिकार से वंचित हो जाएंगे।
इसे लेकर बाबूलाल ने आगे कहा कि यदि पुरानी मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत होगा। लोकतंत्र में मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित रखना गंभीर अन्याय है। जिसे देखते हुए राज्य सरकार से नये मतदाता सूची के आधार पर चुनाव करने की मांग की गई है।









