(कजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ – पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाडांगा स्थित एक खेत से रविवार को लगभग 16 वर्षीय अज्ञात नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर गेहूं के खेत में शव पड़ा था, जिससे तेज दुर्गंध फैल रही थी। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जब शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई गौतम कुमार दास और एएसआई मो. सोहराब खां पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि गांव की एक युवती, जो शादी के बाद मायके में ही रह रही थी और पिछले नौ दिनों से लापता है, वह हो सकती है। लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।











