(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो
बोकारो - बोकारो पुलिस ने सेक्टर - 4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हथियार के बल पर लूट के प्रयास मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। यह घटना 11 जनवरी 2026 को हुई थी, जिसके बाद अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अनुसंधान के क्रम में बिहार के बेगुसराय से दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन एवं एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार एवं मो. शमशाद के रूप में हुई है, जिनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









