(अजय शर्मा, संवाददाता, बेतिया)
बेतिया – प. चंपारण जिले के नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गौरतलब हो कि नाबालिग प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बना लिया। इस दौरान नाबालिग लड़की किसी तरह मौके से भागकर अपने घर पहुंच गई। लेकिन नाबालिग लड़के को ग्रामीणों ने प्रताड़ित किया। आरोप है कि ग्रामीणों ने नाबालिग लड़के के हाथ बांधकर उसकी जमकर पिटाई की, बाल काट दिए, उसके मुंह पर कालिख पोतकर चप्पलों की माला पहनाई गई। इसके बाद उसे पूरे गांव में घुमाया गया और बाद में परिजनों के हवाले कर दिया गया। साथ ही इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग लड़की ने घर में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंची शिकारपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह के साथ एफएसएल टीम भी पहुंची और कई अहम साक्ष्य एकत्र किए।









