पाकुड़ - पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के कोलाजोड़ा गांव में 32 वर्षीय झुन्नू हांसदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की बहनों ने अपनी ही भाभी (झुन्नू की पत्नी संझली हेंब्रम) पर हत्या का आरोप लगाते हुए नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, झुन्नू और उसकी पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। बहनों का दावा है कि झुन्नू के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।











