(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के पास शनिवार की रात जमीन और वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। इस गैंगवार में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी संजय पांडेय सहित छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय पांडेय, आशु कुमार, जुबैर खान, संतोष कुमार, पप्पू साव और रोहित पांडे शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विवाद की जड़ कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु स्थित तीन एकड़ विवादित जमीन है। घटना वाले दिन (17 जनवरी) दोपहर में भी आकाश सिंह और विकास सिंह गुट का संजय पांडेय और रवि यादव गुट के साथ झगड़ा हुआ था।









