GHATSHILA: घाटशिला शालीमार रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित यात्री होल्डिंग एरिया एवं यात्री सुविधाओं का उच्चस्तरीय निरीक्षण रेलवे के अधिकारियों द्वारा की गई, जिसका उद्देश्य प्रगति कार्यों का आकलन करना तथा यात्री सुविधा को और बेहतर बनाना है। इस निरीक्षण का नेतृत्व सोनाली मिश्रा, महानिदेशक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने किया। उनके साथ श्री सर्वप्रिय मयंक, अपर महानिदेशक, RPF भी उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री सौमित्र मजूमदार, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे, सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष जैसे श्री संजय कुमार मिश्रा, आईजी सह पीसीएससी/RPF, श्री नवीन चंद्र कुमार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (PCCM), श्री ललित मोहन पांडेय, मंडल रेल प्रबंधक/खड़गपुर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित यात्री होल्डिंग एरिया का व्यापक अवलोकन किया, जिसमें यात्री आवागमन की सुगमता, आराम एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही प्रतीक्षालय, स्वच्छता, दिव्यांगजन हेतु सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था एवं समग्र आधारभूत संरचना की भी समीक्षा की गई।
स्टेशन पर सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल वातावरण विकसित करने पर विशेष बल दिया गया, विशेषकर बढ़ती यात्री संख्या एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कार्यों के समयबद्ध निष्पादन एवं उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। यह निरीक्षण भारतीय रेल की यात्री सुविधाओं के सतत उन्नयन तथा सुरक्षित, आरामदायक एवं सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।











