(बिरेन्द्र, संवाददाता, बांका)
बांका - भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार विशेष निगरानी इकाई ने लघु जल संसाधन विभाग, बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामला 10 अगस्त 2026 को दर्ज किए जाने के बाद मंगलवार, 11 अगस्त को SVU की टीम ने उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। SVU की कार्रवाई पटना, वैशाली और बांका में एक साथ चल रही है। तलाशी के दायरे में पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर के जनक नंदिनी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 307, बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान, वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा स्थित परिसर तथा बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता का कार्यालय शामिल है। टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल छापेमारी के दौरान क्या कुछ बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी SVU की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है।







