रांची - रांची जिले में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कम्पोजिट कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे सभी पेट्रोलिंग वाहनों की गतिविधियों पर आधुनिक तकनीक के जरिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी पेट्रोलिंग वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जा चुका है। इस सिस्टम के जरिए पुलिस को हर वाहन की लोकेशन और मूवमेंट की पूरी जानकारी मिल रही है। यह जानकारी पूरी तरह सटीक और रियल टाइम में उपलब्ध हो रही है। जिसके कारण इन सभी वाहनों की निगरानी अब सीधे कम्पोजिट कंट्रोल रूम से की जा रही है। इससे पुलिस अधिकारियों को यह तुरंत पता चल सकेगा कि किस इलाके में कौन-सी गाड़ी मौजूद है और कहां पेट्रोलिंग कमजोर है।











