रांची - रांची नगर निगम की पहल पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के बाहर अत्याधुनिक नाइट मार्केट विकसित किया गया है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस नाइट मार्केट को खासतौर पर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारिवारिक माहौल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। नाइट मार्केट के लिए स्टेडियम के बाहरी हिस्से में विशेष प्लेटफॉर्म का निर्माण किया गया है, ताकि बाजार एक निर्धारित क्षेत्र में ही संचालित हो सके और ट्रैफिक या अव्यवस्था की समस्या न हो।
रांची नगर निगम का उद्देश्य है कि लोग देर शाम तक बिना किसी परेशानी के यहां आकर समय बिता सकें। नाइट मार्केट में आकर्षण का केन्द्र फूड स्टॉल होंगे। यहां स्ट्रीट फूड, फास्ट फूड के साथ-साथ झारखंडी पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को मिलेगा। इसके अलावा कुछ स्टॉल स्थानीय हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं के लिए भी आरक्षित किये गये हैं। इससे छोटे दुकानदारों, स्थानीय वेंडर्स और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा। बताते चलें कि नगर निगम इस नाइट मार्केट को विकसित करने में करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।









