(दीनानाथ, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - औरंगाबाद जिले के रिसियप थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर उमेश कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पटना की विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ गणपत गांव निवासी डॉ. लक्ष्मण राम ने एसआई के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने तय योजना के तहत एसआई को 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि एक मामले में एसआई उमेश कुमार लगातार उन पर दबाव बनाकर केस में राहत देने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक एसआई के साथ एक लाख रुपये में समझौता हुआ। तय हुआ कि 50 हजार रुपये पहले और शेष 50 हजार रुपये बाद में दिए जाएंगे। इसी बीच डॉ. लक्ष्मण राम ने पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग से कर दी।
वहीं गिरफ्तारी के बाद टीम आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उमेश कुमार को अपने साथ ले गई। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।







