पाकुड़ - पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने अपने कार्यालय में अपराध मासिक गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने पाकुड़ शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सभी थाना प्रभारियों को सघन रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ ने बताया कि ठंड के मौसम में लोग जल्दी सो जाते हैं, जिससे चोरी की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी थानों को रात में नियमित और प्रभावी गश्ती करने को कहा गया है। बैठक में दिसंबर माह में घटित कांडों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने अवैध खनिज परिवहन पर कड़ी नजर रखने और इस पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, हाल ही में झिकरहटी संथाली टोला में हुए बम कांड को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा आवेदन नहीं दिए जाने के बावजूद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में कई नामजद सहित 20-25 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एसडीपीओ ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









